
लखनऊ (SHABD) :लखनऊ स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए हिंदी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का निःशुल्क कोर्स लॉन्च किया गया है। कुलपति प्रो. जेपी पाण्डेय ने मंगलवार को ‘दी भारत एआई इनीशिएटिव’ की शुरुआत की।
एचसीएल गुवी और ओपनएआई के सहयोग से तैयार करीब डेढ़ घंटे के इस कोर्स में छात्रों को एआई और चैटजीपीटी टूल्स के सही उपयोग, प्रभावी निर्देश देने और विभिन्न एआई टूल्स की जानकारी दी जाएगी। पहले चरण में विश्वविद्यालय परिसर के छात्रों को इसका लाभ मिलेगा, जबकि बाद में संबद्ध संस्थानों के छात्र भी कोर्स कर सकेंगे। इस पहल का लक्ष्य देशभर के 10 लाख छात्रों को एआई में प्रशिक्षित करना है।
