यूपीः मथुरा में पांच माह के बच्चे के अपहरण का खुलासा, प्रेमी जोड़े ने किया था अपहरण

लखनऊ (SHABD) :मथुरा जंक्शन से पांच माह के बच्चे के अपहरण के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए प्रेमी जोड़े को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके माता-पिता को सौंप दिया। सीओ रिफाइनरी प्रवीण तिवारी ने बताया कि आरोपी महिला सीमा की शादी वर्ष 2018 में हुई थी, लेकिन कई वर्षों तक संतान नहीं हुई। बाद में उसकी मुलाकात संजीव से हुई और दोनों लिव-इन रिलेशन में रहने लगे।

पुलिस के मुताबिक, दोनों पांच सितंबर को मथुरा आए थे। आठ सितंबर को संतान की चाह में उन्होंने मथुरा जंक्शन के गेट नंबर-2 के बाहर से पांच माह के बच्चे का अपहरण कर लिया। उस समय बच्चा अपनी मां के पास सो रहा था। दोनों बच्चे को लेकर मुरैना चले गए। हाईवे थाना पुलिस और साइबर सर्विलांस टीम को मिली सूचना के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।