
लखनऊ (SHABD) :बरेली में रामगंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जिले के सभी स्कूलों को दो दिन के लिए बंद रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी अधिकारियों की एक सप्ताह की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।
रविवार से हो रही लगातार बारिश के बीच डीएम ने मीरगंज तहसील के कपूरपुर गांव पहुंचकर रामगंगा किनारे चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों का निरीक्षण किया। नदी के बाएं किनारे प्राचीन रामगंगा मंदिर के पास कटान रोकने के लिए सुरक्षात्मक कार्य कराए जा रहे हैं।
डीएम ने अधिकारियों से काम की तकनीकी जानकारी ली और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि काम निर्धारित मानकों के अनुसार और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने के भी निर्देश दिए।
