बायोलॉजी ओलंपियाड में भारत के चारों छात्रों ने जीते पदक

नई दिल्ली (SHABD):लिथुआनिया की राजधानी विलनियस में आयोजित 37वें इंटरनेशनल बायोलॉजी ओलंपियाड-2026 में भारतीय टीम ने एक स्वर्ण और तीन रजत पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले भारत के सभी चार छात्र पदक विजेता बने।

हरियाणा के महेंद्रगढ़ की भव्या गुनवाल ने स्वर्ण पदक जीता। पश्चिम बंगाल के हावड़ा के सौमिल मैती, राजस्थान के पाली के निशित कलानी और पंजाब के मानसा के अनमोल कुमार ने रजत पदक हासिल किए।

इस वर्ष आयोजित प्रतियोगिता में 78 देशों के 307 छात्रों ने हिस्सा लिया। इसमें जीवविज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े सैद्धांतिक और प्रायोगिक परीक्षण आयोजित किए गए।
इंटरनेशनल बायोलॉजी ओलंपियाड में भारत की यह 26वीं भागीदारी थी। अब तक भारतीय छात्र इस प्रतियोगिता में 17 स्वर्ण, 69 रजत और 17 कांस्य पदक जीत चुके हैं।

(फोटो स्रोत- @narendramodi)