जगदलपुर में जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 का भव्य शुभारंभ, 2 हजार से अधिक खिलाड़ी जुटे

रायपुर, 25 नवंबर 2026 : बस्तर अंचल की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने वाले ‘बस्तर ओलंपिक 2026’ (बस्तर ओलंपिक 3.0) के बस्तर जिले के जिला स्तरीय मुकाबलों का बुधवार को जगदलपुर के इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में भव्य शुभारंभ हुआ। ‘करसाय ता बस्तर बरसाय ता बस्तर’ के उत्साह के बीच जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप और अन्य अतिथियों ने बस्तर व बकावंड ब्लॉक के बीच हुए फुटबॉल मैच में किक मारकर खेलों की शुरुआत की। भारोत्तोलक पालेश नाग ने खिलाड़ियों को खेल भावना और गरिमा के साथ खेलने की शपथ दिलाई।

दो दिवसीय (25 और 26 नवंबर 2026) इस जिला स्तरीय आयोजन में जिले के सात विकासखंडों में 16 नवंबर तक हुई प्रतियोगिताओं से चयनित 2 हजार से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन आज बुधवार को जूनियर वर्ग (10 से 17 वर्ष) और गुरुवार को सीनियर वर्ग (17 वर्ष से अधिक आयु) के मुकाबले होंगे, जिनमें महिला व पुरुष वर्ग की अलग-अलग स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। समापन गुरुवार शाम 4 बजे इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में होगा।

उद्घाटन अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप ने कहा कि जोन और ब्लॉक स्तर से आगे बढ़कर खिलाड़ी जिला स्तर पर पहुंचे हैं और युवाओं को खेल के साथ पढ़ाई पर भी ध्यान देना चाहिए। इंद्रावती विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री शरद अवस्थी ने कहा कि छोटे गांवों में भी उत्कृष्ट खेल प्रतिभाएं जन्म लेती हैं। जिला पंचायत की खेल एवं युवा कल्याण समिति के सभापति श्री बनवासी मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में खेलों को मिल रहे प्रोत्साहन से बस्तर की तस्वीर बदल रही है। वहीं, जगदलपुर नगर निगम सभापति श्री खेमसिंह देवांगन ने इस आयोजन को बस्तर के बदलते स्वरूप और उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक बताया।

बस्तर जिले में वर्ष 2024 में बस्तर ओलंपिक की शुरुआत के बाद से पंजीकृत खिलाड़ियों की संख्या लगातार बढ़ी है, जो 2024 में 37 हजार 650 और 2025 में 95 हजार 587 थी, वह 2026 में बढ़कर 1 लाख 4 हजार 841 हो गई है। जिला स्तरीय मुकाबले इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम, क्रीड़ा परिसर धरमपुरा, खेलो इंडिया लघु केंद्र पंडरीपानी और सिटी ग्राउंड में आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें एथलेटिक्स, आर्चरी, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन, वेटलिफ्टिंग, हॉकी और कराटे सहित कुल 11 विधाओं के साथ सीनियर महिला वर्ग के लिए प्रतीकात्मक रस्साकसी की स्पर्धा भी शामिल है।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, अपर कलेक्टर, अपर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, खेलप्रेमियों और सातों विकासखंडों के प्रतिभागियों की उपस्थिति रही।