शाहजहांपुर में मिशन शक्ति के तहत एंटी रोमियो टीमों ने चलाया चेकिंग अभियान

लखनऊ (SHABD) :शाहजहांपुर में मिशन शक्ति फेज-6 के तहत पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बुधवार को जिले के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने चेकिंग और जागरूकता अभियान चलाया। टीमों ने प्रमुख मार्गों, स्कूलों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की।इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याओं की जानकारी ली गई।

पुलिस ने उन्हें किसी भी तरह के उत्पीड़न या असुविधा पर तत्काल सूचना देने की अपील की। साथ ही महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई।इसीके साथ एंटी रोमियो टीमों ने महिलाओं को साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया।