
औरंगाबाद (SHABD) :केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की डी/114 त्वरित कार्य बल बटालियन की ओर से सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अवसर पर शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बटालियन के उप कमांडेंट दुर्गानंदन श्रीवास्तव ने सभी कार्मिकों को सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में कार्मिकों ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करने तथा कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। साथ ही, भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता अपनाने और भ्रष्टाचार-मुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने की प्रतिबद्धता जताई।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह का उद्देश्य सरकारी कार्यप्रणाली में ईमानदारी, नैतिकता और जवाबदेही को बढ़ावा देना तथा भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता फैलाना है। सीआरपीएफ की इस पहल के माध्यम से कार्मिकों को अपने दायित्वों का निष्पक्षता और ईमानदारी से पालन करने का संदेश दिया गया।
