
लखनऊ (SHABD) :सुल्तानपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के 2511 आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित आंगन मिलन सेवा और हेल्दी बेबी प्रतियोगिता का रविवार को सभी 14 बाल विकास परियोजनाओं में समापन हुआ। कार्यक्रमों के जरिए बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण और शुरुआती शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय पोषण माह-2026 के तहत आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों, गर्भवती महिलाओं और उनके परिवारों की सहभागिता पर विशेष जोर दिया गया। हेल्दी बेबी प्रतियोगिता में बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और पूर्ण टीकाकरण वाले बच्चों को प्रोत्साहित किया गया। खेलकूद, रंगों और अक्षरों की पहचान समेत विभिन्न गतिविधियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले बच्चों को मुख्यमंत्री के हस्ताक्षर वाले प्रमाण पत्र वितरित किए गए।बाल विकास परियोजना दुबेपुर में वृहद कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रीति प्रकाश और मंडल अध्यक्ष संतोष सिंह शामिल हुए।
कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं सुशीला कुमारी डामोर और प्रतिमा शर्मा की गोद भराई की रस्म पूरी कराई गई। वहीं, काव्या भाई और शिवांश का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। हेल्दी बेबी प्रतियोगिता में शामिल बच्चों को प्रमाण पत्र देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, अभिभावकों और ग्रामीणों ने भाग लिया।जिले की सभी 14 बाल विकास परियोजनाओं में आयोजित समापन समारोहों में जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। बल्दीराय परियोजना में एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह सहित विभिन्न क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों ने बच्चों और महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा के प्रति जागरूकता को निरंतर बढ़ाने पर जोर दिया।बाल विकास परियोजना अधिकारी दुबेपुर दयाराम ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि बच्चों के समग्र विकास के साथ परिवारों में पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।जिले के सभी 2511 आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित गतिविधियों में बच्चों, लाभार्थियों और अभिभावकों की सहभागिता रही। आयोजकों के अनुसार, जनभागीदारी और सामुदायिक सहयोग के जरिए अभियान का समापन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
