
लखनऊ (SHABD) :शाहजहांपुर के खुदागंज थाना क्षेत्र के सूथा गांव में दो साधुओं की झोपड़ी में आग लगने से मौत हो गई। दोनों साधु गांव से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित भोले बाबा मंदिर परिसर में झोपड़ी बनाकर रहते थे। मृतकों की पहचान बाबा बिहारी दास और उनके चेले गोपाल दास के रूप में हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक, सुबह झोपड़ी से धुआं उठता देखकर पुलिस को सूचना दी गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों साधुओं की मौत हो चुकी थी।
सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और बाद में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मंदिर के संरक्षक शिवकुमार सिंह की तहरीर पर गांव के ही सुमित सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि मंदिर पर कब्जा करने के इरादे से दोनों साधुओं की झोपड़ी में आग लगाई गई।पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर एफएसएल टीम ने भी जांच की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, मौत का सही समय और घटना के पीछे की वजह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
