विद्युत भवन में टीडीएस-टीसीएस अनुपालन पर प्रशिक्षण

पटना (SHABD) : आयकर विभाग की ओर से पटना स्थित विद्युत भवन में टीडीएस/टीसीएस प्रावधानों एवं अनुपालन विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) अरविंद कुमार ने की।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य टीडीएस/टीसीएस से संबंधित कर प्रावधानों की बेहतर समझ विकसित करना, कर अनुपालन को सुदृढ़ करना तथा वित्तीय कार्यप्रणाली को अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाना था। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को कर प्रावधानों के व्यावहारिक अनुपालन और वित्तीय लेन-देन के दौरान आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई।

मुख्य वक्ता आयकर आयुक्त (टीडीएस) के. एल. कनक (IRS) ने टीडीएस/टीसीएस से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण एवं व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने टीडीएस/टीसीएस की आवश्यकता एवं महत्व, कर अनुपालन की प्रक्रिया, वित्तीय पारदर्शिता तथा संबंधित प्रावधानों की जानकारी देते हुए प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।

प्रशिक्षण के दौरान कर कटौती एवं संग्रह से संबंधित प्रावधानों के सही अनुपालन, वित्तीय लेन-देन में बरती जाने वाली सावधानियों तथा कर संबंधी प्रक्रियाओं को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से पूरा करने के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। इससे दैनिक कार्यालयी कार्यों में कर अनुपालन को बेहतर बनाने में सहायता मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड और उसकी अनुषंगी कंपनियों की लेखा एवं वित्त शाखाओं के अधिकारियों-कर्मचारियों ने भाग लिया। क्षेत्रीय कार्यालयों के कर्मियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रशिक्षण में सहभागिता की।