
File Photo
नई दिल्ली (PIB):प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 1 अक्टूबर, 2026 को सुबह 11 बजे नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के शताब्दी समारोह में भाग लेंगे। वे इस अवसर पर सभा को संबोधित भी करेंगे।
यह कार्यक्रम उन साल भर चलने वाले समारोहों का समापन होगा जो पिछले साल 1 अक्टूबर से आरंभ हुए थे और 1926 में यूपीएससी की स्थापना के 100 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री यूपीएससी शताब्दी स्मारक सिक्का, एक स्मारक डाक टिकट और ‘भारत में यूपीएससी और लोक सेवा आयोगों की नीतियों को आकार देने वाले – 100 ऐतिहासिक निर्णय’ नामक पुस्तक का विमोचन करेंगे।
इस कार्यक्रम में राज्य लोक सेवा आयोगों के अध्यक्ष और सदस्य, भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षाविद, यूपीएससी अधिकारी और देश भर के अन्य हितधारकों की भागीदारी देखने को मिलेगी।
यह कार्यक्रम यूपीएससी द्वारा 30 सितंबर और 1 अक्टूबर, 2026 को आयोजित किए जा रहे दो दिवसीय कार्यक्रम का हिस्सा है। पहले दिन भारत मंडपम में ‘शताब्दी समारोह – मंथन’ होगा, जिसमें प्रख्यात वक्ताओं के संबोधन के बाद विभिन्न विषयों पर पैनल चर्चा होगी।
