HAL ने वायुसेना को सौंपे तेजस और HTT-40 विमान

नई दिल्ली (SHABD):रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू की उपस्थिति में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने बेंगलुरु में आयोजित समारोह में भारतीय वायुसेना को दो LCA तेजस एफओसी ट्विन-सीटर ट्रेनर और पहला एचटीटी-40 बेसिक ट्रेनर ‘अंकुर’ सौंपा। इसके साथ ही पवन हंस लिमिटेड को चार ध्रुव एनजी हेलीकॉप्टर भी सौंपे गए।

इस हैंडओवर के साथ एफओसी अनुबंध के तहत ट्विन-सीटर विमानों की डिलीवरी पूरी हो गई है, जबकि एचटीटी-40 और ध्रुव एनजी की आपूर्ति की शुरुआत हुई है। इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसे भारत की स्वदेशी एयरोस्पेस क्षमता, तकनीकी आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताया।

वहीं नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने इसे भारतीय एयरोस्पेस क्षेत्र की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय एयरोस्पेस ने सफलता के नए मील के पत्थर स्थापित किए हैं।