
लखनऊ (SHABD) :गाजियाबाद के सिहानीगेट थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन शातिर चोर और लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार रात करीब दो बजे तीनों बदमाश बाइक से किसी वारदात की फिराक में थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने मंगल पांडे मार्ग पर लोहियानगर सी ब्लॉक कट के पास चेकिंग शुरू की। पुलिस को देखकर बाइक सवार भागने लगे और बाइक फिसलने से तीनों गिर गए।
एक बदमाश को पुलिस ने मौके पर पकड़ लिया, जबकि दो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। घायल बदमाशों की पहचान शाहरुख और इमरान के रूप में हुई, जबकि तीसरे आरोपी का नाम सोनू बताया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, खोखे, बाइक और सोने के जेवरात बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गैंग पिछले दो महीने में चोरी और लूट की चार से पांच वारदात कर चुका है। मुठभेड़ के बाद घायल बदमाशों ने पुलिस से माफी मांगी।
