यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में शामिल हुआ सारनाथ

नई दिल्ली (SHABD):दक्षिण कोरिया के बुसान में आयोजित यूनेस्को विश्व धरोहर समिति के 48वें सत्र में उत्तर प्रदेश स्थित सारनाथ के प्राचीन बौद्ध स्थल को विश्व धरोहर सूची में शामिल कर लिया गया। इसके साथ ही सारनाथ भारत की 45वीं विश्व धरोहर संपत्ति बन गया है। इससे भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक विरासत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है।

विश्व धरोहर सूची में शामिल संपत्ति के दो प्रमुख भाग हैं- चौखंडी स्तूप तथा सारनाथ के पुरातात्विक अवशेष, जिनमें धमेक स्तूप, धर्मराजिका स्तूप, मूलगंधकुटी विहार और अशोक स्तंभ सहित अन्य स्मारक शामिल हैं।

बौद्ध परंपरा के अनुसार, सारनाथ वह स्थान है जहां भगवान बुद्ध ने ज्ञान प्राप्ति के बाद अपना पहला उपदेश दिया था, जिसे धर्मचक्र प्रवर्तन कहा जाता है। यहीं से बौद्ध संघ की स्थापना और आर्य अष्टांगिक मार्ग के सिद्धांतों का प्रसार शुरू हुआ।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अनुसार, सारनाथ में पूर्व-मौर्य काल से लेकर 12वीं शताब्दी तक के अवशेष मिले हैं। यहां की खुदाई में मौर्यकालीन सिंह स्तंभ शीर्ष और गुप्तकालीन बुद्ध प्रतिमा जैसी महत्वपूर्ण धरोहरें भी प्राप्त हुई हैं।

सारनाथ को 1998 में यूनेस्को की संभावित विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया था। जनवरी 2025 में इसका नामांकन प्रस्ताव विश्व धरोहर समिति को भेजा गया था। लगभग 18 महीने की तकनीकी और मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद समिति ने इसे विश्व धरोहर सूची में शामिल करने का निर्णय लिया।

विश्व धरोहर समिति ने सारनाथ को मानदंड (iii) और (vi) के तहत मान्यता दी है। समिति के अनुसार, यह स्थल बौद्ध धर्म की जीवंत परंपरा और भगवान बुद्ध के जीवन की महत्वपूर्ण घटनाओं से सीधे जुड़ा हुआ है।

सारनाथ के शामिल होने के साथ भारत में यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों की संख्या बढ़कर 45 हो गई है। भारत विश्व में विश्व धरोहर स्थलों की संख्या के आधार पर छठे और एशिया-प्रशांत क्षेत्र में दूसरे स्थान पर है।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने कहा कि विश्व धरोहर का दर्जा मिलने के बाद सारनाथ के संरक्षण, सतत पर्यटन और इसकी ऐतिहासिक प्रामाणिकता बनाए रखने के प्रयासों को और मजबूत किया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए देशवासियों को बधाई दी।