छत्तीसगढ़ अधिकारी–कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन ने विधायक पुरन्दर मिश्रा से की सौजन्य भेंट, विभिन्न समसामयिक विषयों पर हुई सार्थक चर्चा

रायपुर। गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर में आज छत्तीसगढ़ अधिकारी–कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्यों ने रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरन्दर मिश्रा से सौजन्य भेंट कर आत्मीय मुलाकात की।

इस अवसर पर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष श्री पंकज नायक के नेतृत्व में उपस्थित प्रतिनिधिमंडल ने संगठन की गतिविधियों, पेंशनर्स से जुड़े विभिन्न विषयों तथा समाज एवं जनहित से जुड़े समसामयिक मुद्दों पर विधायक से विस्तृत चर्चा की। बैठक का वातावरण अत्यंत आत्मीय एवं सकारात्मक रहा, जिसमें सभी सदस्यों ने अपने विचार साझा किए।

विधायक पुरन्दर मिश्रा ने संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी अपने लंबे अनुभव, ज्ञान और सेवा भावना के माध्यम से समाज के लिए आज भी प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि समाज निर्माण एवं नई पीढ़ी के मार्गदर्शन में पेंशनर्स की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है और उनके अनुभवों का लाभ जनहित में निरंतर मिलना चाहिए।

बैठक के दौरान संगठन के प्रतिनिधियों ने भी विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी विषयों पर अपने सुझाव साझा किए। विधायक ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और जनहित से जुड़े विषयों पर सकारात्मक पहल एवं निरंतर संवाद का विश्वास दिलाया।

कार्यक्रम के अंत में विधायक पुरन्दर मिश्रा ने छत्तीसगढ़ अधिकारी–कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष श्री पंकज नायक सहित समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आत्मीय आभार व्यक्त करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखद एवं सक्रिय जीवन की मंगलकामनाएँ कीं। वहीं एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भी विधायक के स्नेहपूर्ण स्वागत एवं आत्मीय संवाद के लिए उनका आभार व्यक्त किया।