
रायपुर, 10 जून 2026। प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में 01 मई से 10 जून तक आयोजित सुशासन तिहार के अंतिम दिवस मंगलवार को भण्डारपुरी धाम स्थित शासकीय विद्यालय परिसर में विशाल जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं, मांगें एवं आवेदन प्रस्तुत किए। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में अधिकारियों-कर्मचारियों ने समस्याओं का त्वरित निराकरण करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
इस अवसर पर पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं के अंतर्गत सामग्री, प्रमाण-पत्र, कृषि उपकरण, आयुष्मान कार्ड 05, लर्निंग लाइसेंस 03, मनरेगा जॉब कार्ड 18, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 04 बच्चों का अन्नप्राशन व 05 किशोरी बालिकाओं को स्वच्छता किट वितरण किया गया।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा जनता की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता एवं तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने सभी जनमानस को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के ऐतिहासिक 12 वर्ष पूर्ण होने एवं भारत के सबसे लंबे समय तक निरंतर निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का गौरव प्राप्त होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, जिला पंचायत सभापति गुरु सौरभ साहेब, जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन, एसडीएम श्रीमती अभिलाषा पैंकरा सहित जनप्रतिनिधिगण,अधिकार व बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।
