
नई दिल्ली (SHABD): सीबीएसई ने अपने पोस्ट-रिजल्ट सेवा पोर्टल पर साइबर हमलों को लेकर दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। सीबीएसई के मुताबिक 24×7 निगरानी के जरिए सभी हमलों को सफलतापूर्वक विफल कर दिया गया, डेटा में कोई सेंध नहीं लगी और न ही सिस्टम से कोई समझौता हुआ है। बोर्ड ने मामले की विस्तृत जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सीबीएसई के अनुसार, यह पोर्टल 2 जून 2026 को शुरू किया गया था, ताकि कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल छात्रों को उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन, अंक पुनर्गणना और पुनर्मूल्यांकन जैसी परीक्षा-पश्चात सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। बोर्ड ने बताया कि पिछले तीन दिनों के दौरान पोर्टल पर बार-बार साइबर हमले किए गए। इन हमलों में देश और विदेश के विभिन्न आईपी एड्रेस से बड़ी मात्रा में हानिकारक ट्रैफिक भेजा गया।
प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि हमलावरों का उद्देश्य प्लेटफॉर्म को अस्थिर करना, वास्तविक उपयोगकर्ताओं की पहुंच बाधित करना तथा राष्ट्रीय हित के विरुद्ध कार्य करने वाले तत्वों द्वारा अनधिकृत रूप से सूचनाएं प्राप्त करने का प्रयास करना था। सीबीएसई ने कहा कि हमलों की प्रकृति, पैमाने और उनके सुनियोजित तरीके को देखते हुए मामले को गंभीरता से लिया गया है। इसी के मद्देनजर दिल्ली पुलिस की IFSO यूनिट से संपर्क कर विस्तृत जांच शुरू करने का अनुरोध किया गया है।
हालांकि बोर्ड ने स्पष्ट किया कि इन दुर्भावनापूर्ण प्रयासों के बावजूद उसके सभी सिस्टम और डेटाबेस पूरी तरह सुरक्षित हैं। अब तक किसी भी प्रकार के डेटा लीक, डेटा से छेड़छाड़ या अनधिकृत पहुंच का कोई प्रमाण नहीं मिला है। सीबीएसई ने बताया कि इन साइबर हमलों को विभिन्न राष्ट्रीय संस्थानों और एजेंसियों के सहयोग से सफलतापूर्वक विफल कर दिया गया। इस प्रयास में IIT कानपुर, IIT मद्रास, डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन, इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C), CERT-In तथा केंद्र सरकार की अन्य साइबर सुरक्षा इकाइयों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
