
रायपुर। पुलिस कमिश्नर डॉ संजीव शुक्ला द्वारा दिनांक 08 मार्च 2026 (रविवार) को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं की सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से “पिंक पेट्रोलिंग टीम” की शुरुआत की गई है। इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर श्री अमित कांबले द्वारा पिंक पेट्रोलिंग टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त CAW/ HQ डॉ अर्चना झा , अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सेंट्रल श्री तारकेश्वर पटेल , सहायक पुलिस आयुक्त CAW रुचि वर्मा , सहायक पुलिस आयुक्त लाइन श्री निलेश द्विवेदी , एवं अन्य पुलिस अधिकारी गण उपस्थित थे ।
इस पहल के अंतर्गत कुल 27 अधिकारी एवं कर्मचारी की टीम गठित की गई है, जो कॉल ट्रैकर एवं कंट्रोल यूनिट तथा पेट्रोलिंग के माध्यम से महिलाओं से संबंधित आपात स्थितियों में त्वरित सहायता प्रदान करेगी।
पिंक पेट्रोलिंग टीम प्रतिदिन दो शिफ्टों में कार्य करेगी, जिसमें पहली शिफ्ट प्रातः 06:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक तथा दूसरी शिफ्ट दोपहर 02:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक संचालित होगी। कॉल ट्रैकर एवं कंट्रोल यूनिट महिलाओं से जुड़ी आपातकालीन कॉल प्राप्त कर तत्काल संबंधित डीसीपी जोन की पिंक पेट्रोलिंग टीम को सूचना देगी, जिस पर पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता सुनिश्चित करेगी।
महिलाओं को त्वरित सहायता प्रदान करने हेतु समर्पित व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 94792-10932 भी जारी किया गया है, जिसके माध्यम से महिलाएं आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सहायता प्राप्त कर सकेंगी।
पिंक पेट्रोलिंग टीम रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत कार्य करेगी तथा इसे तीन डीसीपी जोन के अनुसार तैनात किया गया है। प्रत्येक जोन में एक समर्पित पिंक पेट्रोलिंग टीम द्वारा नियमित पेट्रोलिंग की जाएगी।
यह टीम सप्ताह में दो दिन स्कूल, कॉलेज, मॉल एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जाकर महिला सुरक्षा कानूनों की जानकारी, हेल्पलाइन नंबर तथा सुरक्षा संबंधी सुझावों का प्रचार-प्रसार भी करेगी। साथ ही स्टॉकिंग एवं ईव-टीजिंग संभावित क्षेत्रों में सरप्राइज पेट्रोलिंग, संवेदनशील स्थलों का सर्वे एवं मैपिंग किया जाएगा।
पिंक पेट्रोलिंग टीम विशेष रूप से कामकाजी महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित करेगी। आवश्यकता होने पर मौके पर ही काउंसलिंग एवं सहायता प्रदान की जाएगी तथा हॉस्टल एवं पीजी में रहने वाली महिलाओं से सतत संपर्क बनाए रखा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित महिला हेल्पडेस्क अथवा महिला थाना से समन्वय स्थापित कर उचित वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
रायपुर पुलिस की अपील :
महिलाओं से संबंधित किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, उत्पीड़न, स्टॉकिंग या छेड़छाड़ की सूचना तत्काल पुलिस को दें अथवा व्हाट्सएप हेल्पलाइन 94792-10932 पर संपर्क करें। रायपुर पुलिस महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के लिए सतत प्रतिबद्ध है।
